ख़ामोश अदा चेहरे की,
व्यंगपूर्ण मुस्कान
या
ख़ुद को समझाता तसल्ली-भाव....?
आज आपकी डबडबाई आँखों में
आयरिस के आसपास,
तैरते हुए चमकीले मोती देखकर.....
मेरे भीतर भी
कुछ टूटकर बिखर-सा गया है......!
ज़ार-ज़ार रोती आँखें
मुझे भाती नहीं,
आँखें हैं कि
शिकायती-स्लेट बनने से
अघाती नहीं।
आपका कभी आँचल भीगता है
कभी मेरा रुमाल,
बह जायें आँसू फिर देखिए
चंचल नयनों के कमाल।
दिल किसी का
यादें किसी की,
सपने किसी के
चक्षु किसी के,
प्रतीक्षा किसी की
धड़कन किसी की,
चैन-ओ-क़रार किसी का
बे-क़रारी किसी की,
अक्स किसी का
आँखें किसी कीं,
दिल में समायी प्रीत किसी की
कहो कैसा क़ुदरती अनुबंध है?
किसी दामन में सर झुकाकर
सुकूं मिलता है भरी आँखों को,
क़लम कहाँ लिख पाती है
पाकीज़गी-ए-अश्क़ के उन ख़्यालों को।
आप मेरे दिल में उतरे
मैं आपके दिल में,
गुफ़्तुगू ख़ूब हुई
दो दिलों की महफ़िल में,
तड़प के सिवा कुछ मिला क्या....?
खनकते एहसास लिये
तमन्नाओं का हसीं कारवाँ मिला,
तभी तो चल पड़ा
इश्क़ का नाज़ुक-सा सिलसिला।
मैं अपनी गुस्ताख़ी
ढूँढ़कर ही रहूँगा,
ख़ज़ाना-ए-दिल बहने का
सबब तलाश कर ही लूँगा,
क्योंकि आपने
आज मुझे टफ टास्क दिया है -
"दिल में ऐसा क्या चुभता है
कि ज़ुबाँ चुप रहती है,
आँखें बयाँ करती हैं?"
कब से हम खुलकर मुस्काये नहीं
गये वक़्त की रुस्वाइयाँ बयां करती हैं,
चेहरे पर उदासी का पहरा
और झुकी-झुकी पलकें
बे-रूखी का क़िस्सा बयां करती हैं।
है हार क़ुबूल मुझे
नहीं मैं अना-पसंद
रणछोड़दास जी का
पथ अनुगमन करता हूँ,
चेहरे पर खिली तबियत हो
ईष्ट को नमन करता हूँ।
बस यही दुआ और इल्तिजा करता हूँ-
ज़िन्दगी को जीभर खिलने-मुस्कराने दो अब,
सपनों में भी आँसुओं को न ज़ाया होने दो अब।
©रवीन्द्र सिंह यादव
शब्दों के अर्थ /पर्यायवाची / WORD MEANING
आयरिस = आँख की पुतली / IRIS / PUPIL
पाकीज़गी-ए-अश्क़= आँसुओं की पवित्रता / PURITY OF TEARS
सिवा (फ़ारसी पूर्वसर्ग) = सिवाए,अतिरिक्त,अलावा/EXCEPT
ख़ज़ाना-ए-दिल= आँसू / TEARS
गुस्ताख़ी = ढिठाई, बे-अदबी,अशिष्टता /ARROGANCE
टफ टास्क = कठिन, चुनौतीभरा कार्य / TOUGH TASK
रुस्वाइयाँ = बदनामियाँ / DISGRACES
अना-पसंद = अहंकारवादी,अहंवादी, अपने अहंकार को आगे रखने वाला / Egotist
रणछोड़दास =श्रीकृष्ण का एक नाम / LORD KRISHNA
ज़ाया = बरबाद ,नष्ट, नाश / WASTE / DESTROY
ज़ार-ज़ार रोती आँखें = अत्यंत फूट-फूटकर रोती हुई आँखें /EYES WEEPING UNCONTROLLABLY
चैन-ओ-क़रार = मन की शांति / PEACE OF MIND/CONTENTMENT